राष्ट्रीय युवा दिवस- माधव सिंह नेगी
📝प्राथमिक शिक्षकों की अपनी साहित्यशाला, हिम मन मन्थन में "राष्ट्रीय युवा दिवस 2025" के सुअवसर पर प्रस्तुत है, स्वामी विवेकानन्द जी के जीवन पर आधारित एक अति सूक्ष्म आलेख-:
🙏🏾🕉️✍️राष्ट्रीय युवा दिवस 2025
आज सारा देश राष्ट्रीय युवा दिवस मना रहा है। यह विशेष दिन हर वर्ष 12 जनवरी को महान विचारक स्वामी विवेकानन्द की जयन्ती के रूप में मनाया जाता है। 2025 में स्वामी विवेकानन्द की 162वीं जयन्ती है। स्वामी विवेकानन्द का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। उनके बचपन का नाम नरेंद्र नाथ दत्त था।स्वामी विवेकानन्द ने छोटी उम्र से ही “उच्च विचार और सादा जीवन” का सार अपना लिया था। उन्होंने अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस के प्रमुख शिष्य के रूप में रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं अपने पूरे जीवन में उन्होंने खुद को भारतीय संस्कृति के मूल मूल्यों के प्रसार के लिए समर्पित कर दिया।
मानवता की सेवा और परोपकार के लिए समर्पित स्वामी विवेकानंद ने 1897 में कोलकाता में रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। इसके बाद, 1898 में उन्होंने हुगली नदी के किनारे बेलूर में रामकृष्ण मठ की स्थापना की। उनके दार्शनिक विचार और कथन आज भी सभी युवाओं को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित करते हैं।
स्वामी विवेकानन्द के विचारों और आदर्शों को युवाओं तक पहुंँचाने और उन्हें प्रेरित करने के लिए, भारत सरकार ने 1984 में 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित किया। इस दिन, देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिनमें युवाओं को शामिल किया जाता है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करना होता है।
इस वर्ष राष्ट्रीय युवा दिवस का मुख्य विषय "राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण" है। यह थीम युवाओं को देश के विकास में एक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है। इसके साथ ही, इस वर्ष की थीम "युवा एक स्थायी भविष्य के लिए: लचीलेपन और जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र को आकार देना" (Youth for a Sustainable Future: Shaping the Nation with Resilience and Responsibility) भी है। यह थीम युवाओं को एक ऐसे भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करती है जो न केवल समृद्ध हो, बल्कि पर्यावरण के प्रति भी संवेदनशील हो। यह थीम युवाओं में लचीलापन और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देती है, ताकि वे देश के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना कर सकें और एक बेहतर कल का निर्माण कर सकें।
स्वामी विवेकानन्द ने 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म सम्मलेन में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया। शिकागो के विश्व धर्म संसद में उन्होंने ओजस्वी व उत्कृष्ट वक्तव्य रखा, जिसने दुनिया को भारत के प्रति देखने का नजरिया बदल दिया था। उन्होंने भारतीय वेदान्त और योग दर्शन को दुनिया के सामने पेश किया जिसने भारत को दुनिया के आध्यात्मिक मानचित्र पर स्थापित किया। स्वामी विवेकानन्द के अनमोल विचार हमें कभी हार न मानने की प्रेरणा देते हैं।
स्वामी विवेकानन्द ने युवाओं को संदेश दिया था कि वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने युवाओं को कहा था कि वे अपने देश के लिए कुछ अच्छा करें और मानवता की सेवा करें। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास से भर दिया और उन्हें बताया कि वे कुछ भी कर सकते हैं अगर वे दृढ़ निश्चयी हैं।
विवेकानन्द जी ने 04 जुलाई 1902 को बेलूर मठ के एक शांत कमरे में महासमाधि ली। उस समय उनकी उम्र मात्र 39 साल 05 माह और 24 दिन की थी। हालांकि विवेकानन्द अपने निधन से पहले कई बार अपने शिष्यों और परिचितों को कह चुके थे कि वो 40 साल से अधिक नहीं जीने वाले हैं।
ऐसा लगता है कि वह पृथ्वी पर एक उद्देश्य लेकर आए थे और जब उन्हें लगा कि ये पूरा हो चुका है तो उन्होंने प्रयाण कर लिया। हालांकि लंबे समय तक ये पूछा जाता रहा है कि उनका निधन किस बीमारी से हुआ?
मार्च 1900 में उन्होंने भगिनी निवेदिता को एक पत्र लिखा, मैं अब काम नहीं करना चाहता बल्कि विश्राम करने की इच्छा है। मैं इसका समय भी जानता हूंँ। हालांकि कर्म मुझको लगातार अपनी ओर खींचता रहा है। जब उन्होंने ये लिखा कि मैं अपना आखिरी समय और जगह जानता हूंँ तो वाकई ये जानते थे।इस पत्र को लिखने के ठीक 02 साल बाद उनका निधन हो गया।
अन्त में वेदान्त के विख्यात और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु हम सबके प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानन्द जी को उनकी पावन जयन्ती पर शत्-शत् नमन व श्रद्धाञ्जलि अर्पित करते हुए आप सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस 2025 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएंँ।
संकलित- विविध स्रोत
🙏 संकलन-:
माधव सिंह नेगी
(प्र०अ०)
रा० प्रा० वि० जैली,
वि० ख०-जखोली, रुद्रप्रयाग।
🙏संकलन- टीम हिम मन मन्थन उत्तराखण्ड

बहुत सुंदर
जवाब देंहटाएं